विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला का आगाज : कमिश्नर- DM ने किया भव्य उद्घाटन, कांवड़ यात्रियों को मिलेगी ये सुविधाएं...

Edited By:  |
Reported By:
vishwa prasiddha shrawani mela ka aagaj vishwa prasiddha shrawani mela ka aagaj

मुंगेर : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला का मंगलवार को भव्य उद्घाटन कमिश्नर , डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को हर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुंगेर जिला के 26 किलोमिटर कांवरिया पथ पर जिला प्रशासन द्वारा कांवरियों एवं श्रद्धालुओं के लिए पूरी सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है।


मौके पर मौजूद जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि इस बार श्रावणी मेला मलमास माह के कारण दो माह का होने जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों खासकर बिहार के प्रत्येक जिले के कांवरिया सुलतानगंज से गंगा जल लेकर पैदल देवघर के लिए प्रस्थान करते हैं। कांवरिया अपने यात्रा के प्रथम चरण में मुंगेर जिला के असरगंज प्रखंड के कमरांय, चाफा, रहमतपुर, तारापुर प्रखंड के औरंगा, तेघरा, धोबई, छत्रहार मोड़, मरवा एवं संग्रामपुर प्रखंड के मनिया, कुमरसार आदि स्थानों से गुजरते हुए बांका एवं देवघर जिला क्षेत्रों से हेकर देवघर जाते हैं। मुंगेर जिले के कुल लगभग 26 किमी क्षेत्र से गुजरते हैं। इस बीच कांवरियों द्वारा जगह जगह रात्रि विश्राम भी किया जाता है। इतने बड़े जनसमुदाय को इतने लंबे क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विधि व्यवस्था संधारण करना जिला प्रशासन का दायित्व है।

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि तारापुर एवं खड़गपुर अनुमंडल के जिन मार्गों से कांवरिया गुजरेंगे वे अतिसंवेदनशील हैं, इसे लेकर इन मार्गां में कांवरियों के विशेष विधि व्यवस्था संधारण का निर्देश पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को दिया गया है। उन्होंने मेले के दौरान संपूर्ण कांवरिया मार्ग में पूरी सख्ती के साथ विधि व्यवस्था संधारण एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कांवरियों को सुरक्षा प्रदान करने हेतु अपराध नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु कुल 31 स्थानों पर थाना/पुलिस चैकी की व्यवस्था की गयी है। सभी पुलिस चैकी एक सहायक थाना के रूप में संबंधित थानाध्यक्ष के अधीन रहेगा।

उन्होंने बताया कि संपूर्ण कांवरिया मार्ग को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिसमें सेक्टर ए कमरांय से लखनपुर तक एवं कच्ची कांवरिया पथ में कमरांय से असरगंज थाना के सामने असरगंज प्रखंड की सीमा तक, सेक्टर बी लखनपुर से छत्रहार मोड़ तक एवं कच्ची कांवरिया पथ में असरगंज प्रखंड की सीमा से छत्रहार मोड़ तक, सेक्टर सी छत्रहार मोड़ से रामपुर नहर मोड़ तक एवं कच्ची कांवरियों पथ में छत्रहार मोड़ से मनिया मोड़ धर्मशाला तक तथा सेक्टर डी रामपुर नहर मोड़ से कुमरसार तक भाया मनिया एवं कच्ची कांवरिया पथ में मनिया धर्मशाला से मुंगेर जिला सीमा तक निर्धारित किया गया है। इन सेक्टरों में सशस्त्र बल दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

इसके अतिरिक्त कांवरियों की सुरक्षा यात्रा की दृष्टि से पैदल गश्ती दल का भी गठन किया गया है। तैनात दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल द्वारा कांवरियों के सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा साथ ही उनके द्वारा कांवरियों को किसी तरह की कोई कठिनाई न हो इसका भी ख्याल रखने का निर्देश दिया गया है। कांवरियों की सुरक्षित यात्रा तथा वाहनों के साथ लूटपाट तथा रंगदारी की घटना को रोकने के लिए 6 वाहन गश्ती दल तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्र में लैण्ड माइंस वाहन से गश्ती तथा मोबाइल गश्ती दल की भी व्यवस्था की गयी है। जिलाधिकारी ने बताया कि तारापुर थाना में एक नियंत्रण कक्ष की भी स्थापना की गयी जो 24 घंटे कार्यरत रहेगा।


Copy