Delhi Election 2025 : दिल्ली चुनाव में सम्राट चौधरी करेंगे धुआंधार प्रचार, दर्जनभर सभाओं को करेंगे संबोधित, तारीख़ कर लें नोट
PATNA : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में एनडीए के पक्ष में प्रचार के लिए रवाना होने से पहले कहा कि दिल्ली में बसे बिहार-यूपी के लोग इस बार केजरीवाल सरकार को सत्ता से बाहर कर अपने अपमान का बदला लेंगे। वहां की जनता ने झूठे वादों और घोटालों की सरकार बदलने का मन बनाया लिया है।
दिल्ली प्रदेश चुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्रचारक सम्राट चौधरी 29, 30 और 31 जनवरी को दर्जनभर चुनाव सभाओं को संबोधित करने के अलावा सम्पर्क अभियान का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने शराब के ठेके बांटने और घोटाला करने के साथ दिल्ली के लोगों को शराबी बनाया।
सम्राट चौधरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के एक दर्जन से अधिक विधायक, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और मुख्यमंत्री सहित तीन मंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जेल जा चुके हैं या जमानत पर हैं। पूरी पार्टी और सरकार घोटालों में डूबी है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बसे बिहार-यूपी के लाखों लोगों को आम आदमी पार्टीकी सरकार ने कोरोना के समय बसहारा छोड़ दिया और बसों भर कर राज्य से बाहर कर दिया था। लोग यह अपमान नहीं भूले हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की गंदगी, कुव्यवस्था और झूठे वादों से परेशान जनता बेहतर बदलाव चाहती है। सम्राट चौधरी ने कहा कि तीन बार में जारी भाजपा का संकल्प पत्र दिल्ली के कायाकल्प का रोडमैप है। इसमें पार्टी ने मजदूरों-कामगारों, युवाओं -महिलाओं सहित सभी वर्गों का जीवन बेहतर बनाने का संकल्प प्रकट किया गया है।