चाईबासा : झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता व सांसद जोबा माझी के पुत्र जगत माझी मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में कूद गए हैं. जगत माझी ने गुरुवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ रांची पहुंचे और मनोहरपुर सीट से बतौर झामुमो उम्मीदवार अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर दी है.

मनोहरपुर सीट से बतौर झामुमो प्रत्याशी प्रस्तुत की दावेदारी, गुरुजी से लिया आशीर्वाद

सांसद जोबा माझी के बेटे जगत माझी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय में आवेदन पत्र जमा कर 51 हजार रुपये की पर्ची कटाई. बता दें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा में जिन प्रत्याशियों को टिकट की चाह होती है, उन्हें सबसे पहले पार्टी कार्यालय में एक निर्धारित फॉर्म भरकर आवेदन देना पड़ता है. आवेदन जमा करने के साथ ही 51 हजार रुपये की फीस भी पार्टी फंड में जमा करनी पड़ती है.

दावेदारी पेश करने के बाद जगत माझी ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने का सबको समान अधिकार है. मैंने मनोहरपुर से अपना आवेदन पार्टी कार्यालय में दे दिया है. पार्टी का निर्णय सर्वमान्य होगा. मनोहरपुर से पार्टी जिसे भी टिकट देगी उसकी जीत सुनिश्चित करेंगे. दावेदारी पेश करने के बाद जगत माझी ने पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष दिशोम गुरु शिबू सोरेन से मिलकर आशीर्वाद प्राप्त किया. इस मौके पर गोइलकेरा झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मनसुख गोप, गुदड़ी प्रखंड अध्यक्ष सुनील बुढ, बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष अकबर खान, रोलेन बरजो, संजीव गंताईत, सुरेश सुरीन, बंधना उरांव, उदय माझी, संतोष मिश्रा, हेमचंद महतो, दिनेश गुप्ता, प्रिंस खान, सागर महतो, बजरंग प्रसाद, बिट्टू महतो, दुनु लोमगा, राजेंद्र चाम्पिया, पवन गुप्ता, गोयरा रुगु, देवेन चातर, इमरान खान, अजय कच्छप, अशोक प्रधान, पवन गुप्ता समेत दर्जनों समर्थक पहुंचे थे.

चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट-