'हाजीपुर की जनता मेरी मां...करता रहूंगा सेवा' : लालगंज में रालोजपा अध्यक्ष पशुपति पारस ने भरी हुंकार, कहा : 2025 में सत्ता परिवर्तन तय


VAISHALI : वैशाली के लालगंज गंडक प्रोजेक्ट मैदान में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में मंगलवार को उपस्थित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि बिहार का कमान जिनके हाथों में है, नीतीश कुमार अब प्रदेश को चलाने लायक नहीं रह गए है।
पशुपति कुमार पारस ने हुंकार भरते हुए कहा कि 5 IPS ऑफिसर ही बिहार को चला रहे है। 20 वर्षों से वे लगातार बिहार के मुख्यमंत्री हैं लेकिन बिहार की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। न कहीं कोई उद्योग लगा और न ही बेरोजगारी दूर हुई और न ही कानून व्यवस्था में सुधार हुआ। पारस ने कहा कि एनडीए सरकार दलित विरोधी है। दलितों पर अत्याचार और जुल्म की घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है।
वर्तमान सरकार में दलित और खास करके पासवानों को टारगेट किया जा रहा है। पासवान समुदाय की अनदेखी की जा रही है। राज्य में चौकीदारों और दफेदारों खास कर दफादार और चौकीदारी की सेवा में अधिकांश 80% पासवान समुदाय के ही लोग कार्यरत थे। सरकार उनकी भी हकमारी करना चाह रही है।
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी और दलित सेना दफादारों और चौकीदारों की मांगों को लेकर बिहार में बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगा। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल अंबेडकर जयंती के दिन पटना में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी और दलित सेना बड़ी रैली का आयोजन करेगा। 2005 में भी लोक जनशकि पार्टी ने बिहार में सत्ता परिवर्तन किया था। अब 2025 भी सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी इस बार सत्ता परिवर्तन करेगी। बिना हमारी पार्टी के किसी की सरकार नहीं बनेगी।
ये बातें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने लालगंज के गंडक प्रोजेक्ट में कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हजीपुर की जनता मेरी मां है, जिसने मेरे बड़े भाई स्व. रामविलास पासवान को दो-दो बार रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड में उनका नाम दर्ज करवाने का काम किया था। 2019 में स्व. रामविलास पासवान के कहने पर मैंने लोकसभा का चुनाव लड़ा। हाजीपुर की जनता ने मुझे सांसद बनाया। मैं इस पांच वर्षों में या अभी भी मेरा दरवाजा हाजीपुर की जनता के लिए हमेशा खुला रहता है। मैं जबतक हूं, सेवक बनकर सेवा करता रहूंगा।
पूर्व सांसद प्रिंस राज ने कहा कि हमारा गठबंधन बिहार की जनता के साथ है। लोकसभा चुनाव में देशहित में हमारी पार्टी ने एनडीए को समर्थन दिया अब राज्य हित में काम करना है। बिहार में न उद्योग लगा न रोजगार की व्यवस्था हुई, न स्वास्थ्य व्यवस्था सुधरी और न ही कानून व्यवस्था। शिक्षा का भी बिहार में हाल बुरा है।
युवा नेता यशराज ने कहा कि जनतंत्र, गणतंत्र का महान पर्व आने वाला है। जिस उद्देश्य को लेकर हमारे बड़े पापा रामविलास पासवान ने पार्टी बनाई थी, उसे पूरा करने का समय आ गया है। उनका कहना था कि मैं उस घर मे दीया जलाने चला हूं, जहां सदियों से अंधेरा है। पर आजादी के वर्षों के बाद भी गरीबों के घर मे आज भी अंधेरा है इसलिए हमें इस निकम्मी सरकार को हटाकर सभी गरीबो के घर उजाला फैलाना है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने कहा कि रालोजपा ही भीमराव अम्बेडकर के सपने को साकार कर सकती है। यहां जुटी भीड़ यह बता रही है कि लालगंज की जनता इसबार हमारी पार्टी का विधायक चाहती है। श्रवण अग्रवाल ने कहा कि 2025 बिहार में बदलाव का साल होगा, बिना राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की ताकत से 2025 में बिहार में कोई भी सरकार नहीं बनने वाली नीतीश सरकार में कानून, स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पारसनाथ गुप्ता एवं संचालन संजीव रंजन उर्फ बिट्टू गुप्ता ने किया।