ऐतिहासिक रथ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट : DGP तदाशा मिश्रा ने लिया जायजा,सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की
रांची: ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा और रथ मेला को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इसी कड़ी में झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा खुद जगन्नाथपुर मंदिर पहुंचकर पूरे रूट के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए.
रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में आयोजित होने वाली रथ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का विस्तृत निरीक्षण किया. उनके साथ रांची एसएसपी, सिटी एसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
डीजीपी तदाशा मिश्राने जगन्नाथ मंदिर से लेकर मौसीबाड़ी तक पूरे रथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया. इस दौरान बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती और आपातकालीन व्यवस्था का जायजा लिया गया. साथ ही मेला परिसर का भी निरीक्षण कर सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की गई.
निरीक्षण के दौरान डीजीपी तदाशा मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे. रथ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी सुरक्षा इंतजाम पूरी सतर्कता के साथ लागू किए जाए. पुलिस प्रशासन का कहना है कि रथ यात्रा और मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं.
रथ यात्रा शुरू होने से पहले डीजीपी ने खुद पूरे रूट और मेला परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है. पुलिस प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं.





