रांची : श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर दही हांडी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन,इन दो दिन होंगे कार्यक्रम
रांची: श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति की ओर से रांची के सानिध्य में अलबर्ट एक्का चौक,मेन रोड में 4 और 5 सितंबर को दो दिवसीय कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा. वर्तमान में श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति के संरक्षक रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सीपी सिंह और अजय मारू हैं.
समिति के संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि हमारी संस्कृति हमारी धरोहर है. हर तरह के त्योहारों पर हम हमारी संस्कृति के तहत कार्यक्रम आयोजित करते हैं और आयोजन का उत्सव मनाते हैं. पूर्वी भारत की झलकियों के साथ दही हांडी प्रतियोगिता इस बार फिर रांची में आकर्षण का केंद्र बनेगी.
समिति के अध्यक्ष मुकेश काबरा ने कहा कि 4 व 5 सितंबर को श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति की ओर से दो दिवसीय अलबर्ट एक्का चौक में श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा. समिति द्वारा लगातार 16वर्षों से यह महोत्सव मनाया जा रहा है. पहले दिन झांकी और बाल झांकी प्रतियोगिता मनाई जाएगी. वहीं, दूसरे दिन 5 सितंबर को संध्या 7:00 बजे से दही-हांडी फोड़ प्रतियोगिता सह भजन संध्या सहित नृत्य नाटिका का भव्य व विशाल आयोजन रखा गया है.
दही हांडी की होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कलाकारों में पुरुष और महिला गोविंदा की टीम भाग ले सकेगी. पुरस्कारों के वितरण में पुरस्कृत गोविंदा टीम के बीच नगद राशि व शील्ड का वितरण सहित प्रमाण पत्र भी समिति की ओर से दिया जाएगा. संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सीपी सिंह, अजय मारू व अध्यक्ष मुकेश काबरा ने कहा कि बैठक कर समिति द्वारा किए जा रहे बृहत कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी.





