Hindi News / बंधु तिर्की ने गठबंधन नेताओं को आड़े हाथों लिया, बीजेपी पर भी साधा...

राज्यसभा चुनाव के नतीजे पर सियासी बाण : बंधु तिर्की ने गठबंधन नेताओं को आड़े हाथों लिया, बीजेपी पर भी साधा निशाना

Edited By:  |
rajyasabha chunaw k natije par siyasi baan rajyasabha chunaw k natije par siyasi baan

रांची:झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद एक दूसरे के खिलाफ सियासी बाण चलाने का सिलसिला जारी है.राज्यसभा सांसद के तौर पर परिमल नाथवानी की जीत को लेकर कांग्रेस कोटे से रहे पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने न सिर्फ बीजेपी पर निशाना साधा,बल्कि परिमल नाथवानी को मदद करने वाले अपने ही गठबंधन के नेताओं को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा कि झारखंड के कुछ लोगों ने गुजरातियों को राज्य की जरूरत बना दिया है और अपनों ने ही झारखंड के हितों के साथ समझौता किया है.

'झारखंड मेंकुछ लोगों ने गुजरातियों को राज्य की जरूरत बना दिया'

राज्यसभा चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज पूरे देश को गुजराती चला रहे हैं और झारखंड में भी कुछ लोगों ने गुजरातियों को राज्य की जरूरत बना दिया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी ने अपने पसंदीदा उम्मीदवार को समर्थन दिया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कुछ ऐसे लोग भी उनके साथ खड़े हो गए जिन्होंने पार्टी और विचारधारा से ऊपर उठकर नाथवानी की जीत सुनिश्चित की.

गुजराती उद्योगपति को राज्यसभा भेजना,झारखंडी अस्मिता के खिलाफ है

बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड की पहचान और यहां के लोगों के अधिकारों की बात करने वाले नेताओं ने ही एक गुजराती उद्योगपति को राज्यसभा भेजने का रास्ता साफ किया. उन्होंने इसे झारखंडी अस्मिता के खिलाफ बताया और कहा कि यही लोग आगे चलकर किसी गुजराती व्यक्ति को झारखंड का मुख्यमंत्री भी बनाना चाहते हैं.

राजनीतिक सौदेबाजी बीजेपी की पुरानी संस्कृति रही

अपने बयान में बंधु तिर्की ने बीजेपी को सौदागर की पार्टी बताते हुए कहा कि राजनीतिक सौदेबाजी बीजेपी की पुरानी संस्कृति रही है, लेकिन इस बार सबसे बड़ा दुख इस बात का है कि अपनों ने ही धोखा दिया. उन्होंने विपक्षी दलों के साथ-साथ सहयोगी दलों के कुछ नेताओं पर भी इशारों इशारो में कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने कई चेहरों को बेनकाब कर दिया है.