Hindi News / ऑकलैंड में पीएम मोदी ने किया पटना साहिब की 300 साल पुरानी कहानी...

प्रवासी भारतीयों से जोड़ा साहिब के दर्शन का आग्रह : ऑकलैंड में पीएम मोदी ने किया पटना साहिब की 300 साल पुरानी कहानी का जिक्र

Edited By:  |
prawasi bhartiyon se joda sahib k darshan ka agrah prawasi bhartiyon se joda sahib k darshan ka agrah

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए बिहार के तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने दुनियाभर के श्रद्धालुओं और प्रवासी भारतीयों से भारत आने पर पटना साहिब अवश्य जाने और गुरु गोबिंद सिंह महाराज के पवित्र जोड़ा साहिब के दर्शन करने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के पूर्वज गुरु गोबिंद सिंह महाराज के सेवादार थे। उनके परिवार ने करीब 300 वर्षों तक गुरु गोबिंद सिंह और माता साहिब कौर के पवित्र जोड़ा साहिब को सुरक्षित रखा। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के दौरान इस पवित्र धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए दिल्ली लाया गया था। बाद में सिख परंपरा और इतिहास के जानकारों की एक समिति बनाई गई, जिसने निर्णय लिया कि इस अमूल्य धरोहर को गुरु गोबिंद सिंह महाराज की जन्मस्थली तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में स्थापित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसके दर्शन कर सकें।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अवसर का साक्षी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने इसे अपने जीवन के महत्वपूर्ण अनुभवों में से एक बताते हुए कहा कि पटना साहिब केवल सिख समुदाय ही नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और विरासत का केंद्र है। उन्होंने दुनिया भर के श्रद्धालुओं से यहां आकर गुरु महाराज का आशीर्वाद लेने की अपील की।

प्रधानमंत्री के संबोधन में पटना साहिब का उल्लेख होने पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक समिति ने खुशी जताई। समिति के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही और उपाध्यक्ष सरदार गुरुविंदर सिंह ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच से पटना साहिब का उल्लेख होने से इसकी वैश्विक पहचान और धार्मिक महत्व को नई मजबूती मिलेगी तथा दुनिया भर के श्रद्धालु यहां आने के लिए प्रेरित होंगे।