Hindi News / ठेकेदार रिशुश्री के ठिकानों पर पहुंची SVU,सरकारी टेंडर में कथित भ्रष्टाचार और गड़बड़ी...

पटना में छापेमारी : ठेकेदार रिशुश्री के ठिकानों पर पहुंची SVU,सरकारी टेंडर में कथित भ्रष्टाचार और गड़बड़ी मामले में कार्रवाई

Edited By:  |
patna mein vishesh nigrani ikai ki chapemari patna mein vishesh nigrani ikai ki chapemari

पटना: जिले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने सरकारी टेंडर में कथित भ्रष्टाचार और गड़बड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई की है. कारोबारी रिशुश्री के ठिकानों पर छापेमारी करने पहुंची. पटना के खगौल रोड स्थित मिथापुर इलाके में स्थित उनके आवासीय परिसर और फ्लैट पर छापेमारी की गई. जहां जांच टीम ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया.

जारी तलाशी वारंट के आधार पर छापेमारी

यह छापेमारी विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की गई है. मामला कांड संख्या 05/2025 (दिनांक 30 अप्रैल 2025) से जुड़ा हुआ है, जिसमें आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज है. आरोप है कि सरकारी निविदा प्रक्रिया में सुनियोजित तरीके से हेरफेर कर एक निजी कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ.

कारोबारी रिशुश्री पर गंभीर आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार,टेंडर प्रक्रिया से जुड़ी गोपनीय जानकारी पहले से लीक की जाती थी,जिससे चयन प्रक्रिया प्रभावित होती थी. कारोबारी रिशुश्री, जो Reliable Infra Services Pvt. Ltd. के संचालक बताए जा रहे हैं, उन पर आरोप है कि उन्होंने तकनीकी और वित्तीय दस्तावेजों का दुरुपयोग कर बार-बार अनुचित लाभ लिया है.

डिजिटल रिकॉर्ड, फाइलों और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच जारी

छापेमारी के दौरान विशेष निगरानी इकाई ने डिजिटल रिकॉर्ड, फाइलों और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है. सुरक्षा कारणों से पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी गई और किसी को भी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई. इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक और सरकारी विभागों में हलचल तेज हो गई है और पूरे टेंडर सिस्टम की पारदर्शिता पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं. जांच अभी जारी है और अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.