पटना को मिलेगी बड़ी सौगात : 11 मई को मंदिरी नाला परियोजना का सीएम सम्राट करेंगे उद्घाटन,जाम से मिलेगी राहत
पटना:राजधानी के लिए बड़ी सौगात तैयार हो रही है. पटना स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इनकम टैक्स गोलंबर से बांस घाट काली मंदिर तक मंदिरी नाला परियोजना का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. वर्षों से जाम और अव्यवस्था की तस्वीर अब पूरी तरह बदल चुकी है. इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी,कमिश्नर सहित कई अधिकारियों ने निरीक्षण किया. इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का उद्घाटन 11 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों होगा. मौके परबिहार सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे.
नाले को ढककर इसके ऊपर करीब 1,289 मीटर लंबी आधुनिक सड़क तैयार की गई है,जिसका उपयोग आम लोगों के लिए होगा.उद्घाटन को लेकर पूरे इलाके में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है. सड़क के आस-पास साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का काम अंतिम चरण में है.
मंदिरी नाला के ऊपर बनी यह सड़क दो लेन की आधुनिक सड़क है, जिसमें डिवाइडर और बेहतर यातायात सुविधाएं दी गई हैं. आयकर गोलंबर की ओर करीब 3.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड तैयार की गई है, ताकि स्थानीय वाहनों का दबाव मुख्य सड़क पर ना पड़ा. वहीं, दूसरी ओर हरित पट्टी और आकर्षक लैंडस्केपिंग कर इलाके को नया रूप दिया गया है.
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सड़क के नीचे केबल बिछाने के लिए दो अतिरिक्त पाइप भी डाले गए हैं. नाले की नियमित सफाई और रखरखाव के लिए हर 7.5 मीटर पर मैनहोल बनाए गए हैं. इसके अलावा दो स्थानों पर विशेष रैंप तैयार किए गए हैं, ताकि मशीनों की मदद से आसानी से गाद निकाली जा सके.
माना जा रहा है कि इस सड़क के शुरू होने से राजधानी पटना के वीआईपी और मध्य क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव काफी कम होगा. साथ ही यह परियोजना स्मार्ट पटना की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.





