पटना सिटी में बच्ची हत्याकांड : मामले पर अब सियासी जंग,RJD ने की सात सदस्यीय जांच टीम का गठन
पटना सिटी: जिले में कुछ दिन पहले स्कूली बच्ची के साथ हुई अपहरण, बलात्कार और हत्या की जघन्य घटना ने राजनीतिक मोड़ ले लिया है. बिहार के विपक्षी दल RJD ने सात सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है. प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने जांच टीम का गठन किया है. यह जानकारी RJD प्रवक्ता एजाज अहमद ने दी है.
विपक्षी दल का कहना है कि आये दिन बिहार में ऐसी कलंकित और समाज को झकझोर देने वाली घटनाएं हो रही है. अब यह आम बात हो गई है, क्योंकि राज्य में विधि-व्यवस्था दिनों-दिन चौपट होती जा रही है. फलस्वरूप इस चौपट और ध्वस्त विधि व्यवस्था के करण स्कूली बच्ची अत्याचारी और व्यभिचारी की भेंट चढ़ गई.
प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि समाज और राज्य को शर्मसार कर देने वाली घृणित घटना के संबंध में राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को जानकारी प्राप्त हुई है. उन्हें बताया गया कि पटना सिटी के इलाके में एक 10 साल की बच्ची का अपहरण, बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई. इस तरह की घटना सभ्य समाज के लिए चुनौतीपूर्ण है, बल्कि सम्पूर्ण समाज और मानवता के लिए एक कलंक और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है.
एजाज अहमद ने बताया कि इस घटना की पृष्ठभूमि और घटना से संबंधित सभी तथ्यों की जानकारी प्राप्त करने और गहराई से सभी बातों की गहन जांच करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने राष्ट्रीय जनता दल महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनीता भारती की अध्यक्षता में सात सदस्यीय जांच कमिटी गठित की है.
वहीं, घटना के संबंध में बताया गया कि 21 अप्रैल, 2026 को मासूम बच्ची स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी. तभी अपनी दादी के कहने पर बच्ची घर से कुछ दूरी पर स्थित शिवनाथ ठाकुर के यहां दूध देने गई थी. फलस्वरूप दूसरे दिन उसकी लाश मिली. जाहिर है कि अपहरण, बलात्कार और हत्या कर जालिमों ने गंतव्य स्थान तक लाश पहुंचा दिया.





