पटना : IGIMS नर्सिंग कॉलेज में छात्राओं ने किया बवाल,वाइस प्रिंसिपल पर जानबूझकर फेल करने का आरोप
पटना: जिले के IGIMS नर्सिंग कॉलेज में गुरुवार देर रात से भारी हंगामा हुआ है. बीएससी नर्सिंग की छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आरोप है कि प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल के रवैये से परेशान छात्राओं ने घंटों धरना दिया और दोनों अधिकारियों को उनके कार्यालय में बंधक बनाए रखा.
पटना के IGIMS नर्सिंग कॉलेज में उस वक्त तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब बीएससी नर्सिंग की छात्राएं उग्र प्रदर्शन पर उतर आईं. जानकारी के मुताबिक 2021 से 2025 बैच तक करीब 250 छात्राओं ने कॉलेज परिसर में धरना दिया.
छात्राओं का आरोप है कि वाइस प्रिंसिपल सह परीक्षा समन्वयक डॉ.रूपाश्री दास गुप्ता का रवैया तानाशाहीपूर्ण है और वे जानबूझकर छात्राओं को फेल करती हैं. प्रदर्शन कर रहीं छात्राओं ने यह भी दावा किया है कि कई छात्राएं मानसिक तनाव से गुजर रही हैं.
छात्राओं के मुताबिक एक छात्रा ने तनाव में आकर आत्महत्या का प्रयास भी किया था. इसी को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने प्रिंसिपल अनुजा डैनियल तथा वाइस प्रिंसिपल को घंटों उनके कार्यालय में रोके रखा.
छात्राओं ने साफ कहा है कि जब तक वाइस प्रिंसिपल को सब्जेक्ट को-ऑर्डिनेटर के पद से नहीं हटाया जाएगा और मामले में कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
देर रात तक कॉलेज परिसर में हंगामे और नारेबाजी का दौर चलता रहा. फिलहाल कॉलेज प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.





