मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिया लक्ष्य : बिहार में बनेंगे एक करोड़ नए राशन कार्ड
पटना: बिहार सरकार राज्य में एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने की दिशा में तेजी से काम करेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ विभागीय योजनाओं और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग की सभी योजनाओं के लाभार्थियों का व्यापक और अद्यतन डेटाबेस तैयार किया जाए, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों से एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने के लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। साथ ही बिहार की ऑनलाइन सार्वजनिक वितरण प्रणाली के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट वेयरहाउस विकसित करने और 'सार्थक PDS' मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन वितरण व्यवस्था की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को बिना किसी बाधा के सम्मानपूर्वक खाद्यान्न मिल सके।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी खाद्यान्न गोदामों की गुणवत्ता, सुरक्षा और रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वेयरहाउसों में बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'गरीब कल्याण विद डिग्निटी' के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र सरकार के सुझावों के अनुरूप विभाग को तेजी से लक्ष्य हासिल करने के निर्देश भी दिए।





