मांडर : आजीविका महिला संकुल संगठन कार्यालय का मंत्री दीपिका पांडेय और शिल्पी नेहा तिर्की ने किया उद्घाटन
रांची:मांडर प्रखंड मुख्यालय परिसर में महिला सशक्तिकरण एवं न्याय-सहायता को सुदृढ़ करने की दिशा में पहल की गई है. मांडर आजीविका महिला संकुल संगठन कार्यालय,एकल सुविधा केन्द्र (OSF), जेंडर रिसोर्स सेंटर (GRC) कार्यालय का उदघाटन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय और कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने संयुक्त रूप से किया. इस मौके पर महिला समूहों के बीच कृषि कार्यों में बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्रैक्टर का वितरण किया गया. वहीं, 59 लाख 72 हजार राशि का चेक भी महिला समूहों को दिया गया.
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक, आर्थिक एवं कानूनी सुरक्षा प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि OSF और GRC जैसे केंद्र पीड़ित महिलाओं के लिए त्वरित सहायता, परामर्श और न्याय का मजबूत माध्यम बनेंगे. वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आजीविका से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है. आगे शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया किमहिला समूहों और सहकारिता के माध्यम से गांवों की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा रहा.
सामाजिक जागरूकता पर नाटक का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता पर आधारित नाटक का भी आयोजन किया गया. नाटक के माध्यम से महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा, बाल विवाह एवं न्याय-सहायता जैसे विषयों पर प्रभावी संदेश दिया गया. समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहीं. कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ किया गया.





