BIG BREAKING : पूर्णिया में निगरानी टीम ने राजस्व कर्मचारी और अभिलेखागार कर्मी को 40 हजार घूस लेते दबोचा
पूर्णिया : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के पूर्णिया से है जहां निगरानी विभाग की टीम ने राजस्व कर्मचारी लाल बाबू रजक और अभिलेखागार कर्मी रूमी कुंडू को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है.
दरअसल जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी. शिकायतकर्ता से पहले 50 हजार की डिमांड की गई थी. निगरानी टीम ने जाल बिछाया और दोनों कर्मी40 हजार रुपये घूस लेते पकड़े गए. गुलाबबाग की महिला ने की थी शिकायत. दस्तावेज स्कैनिंग में भी मिलीभगत के संकेत. गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग में मचा हड़कंप. दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है. निगरानी विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा.
जानकारी के अनुसार,यह मामला पूर्णिया पूर्व प्रखंड से जुड़ा हुआ है,जहां जमीन विवाद के निपटारे के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी. राजस्व कर्मचारी लाल बाबू रजक हल्का 1ए,1बी और 1सी के प्रभार में थे. हड़ताल के कारण उन्हें अतिरिक्त क्षेत्र का भी कार्यभार सौंपा गया था,जिसमें शहर का इलाका शामिल था. इसी दौरान एक जमीन से जुड़े मामले में शिकायतकर्ता से पैसे मांगे गए.
गुलाबबाग वार्ड-35 की निवासी ललिता देवी ने निगरानी विभाग को लिखित शिकायत दी थी कि उनकी जमीन को केवाला रोक सूची में डाल दिया गया है और इसे सही कराने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और तय रणनीति के तहत 40 हजार रुपये लेते ही दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया.
जांच में यह भी सामने आया है कि अभिलेखागार कर्मी रूमी कुंडू की भी इस पूरे मामले में सक्रिय भूमिका थी. वह दस्तावेजों की स्कैनिंग और प्रक्रिया में शामिल थीं,जिससे दोनों की मिलीभगत की पुष्टि हुई है.
फिलहाल निगरानी विभाग दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रहा है और इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है. इस कार्रवाई ने सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





