Hindi News / रांची में भाजपा महिला मोर्चा ने निकाला आक्रोश मार्च, विपक्ष के खिलाफ किया...

महिला आरक्षण को लेकर सियासी संग्राम : रांची में भाजपा महिला मोर्चा ने निकाला आक्रोश मार्च, विपक्ष के खिलाफ किया प्रदर्शन

Edited By:  |
mahila aarakshan ko lekar siyasi sangram mahila aarakshan ko lekar siyasi sangram

रांची : लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान 2029 से लागू करने वाले संविधान संशोधन बिल के लोकसभा में पास न हो पाने के बाद भारतीय जनता पार्टी इन दिनों कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ आंदोलन कर रही है. इसी के तहत राजधानी रांची में शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आक्रोश मार्च निकाला गया.

रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी तादाद में पहुंची महिलाओं ने कांग्रेस और झामुमो के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की. भाजपा नेताओं ने आक्रोश मार्च से पहले मोरहाबादी मैदान के पास जनसभा आयोजित की. इसमें पार्टी के राज्य स्तर के सभी बड़े नेता मौजूद रहे.

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा,पूर्व सीएम रघुवर दास,पूर्व सीएम मधु कोड़ा, पूर्व सीएम चंपाई सोरेन,नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ,सांसद दीपक प्रकाश समेत कई नेता और पार्टी कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च में मौजूद रहे.

आक्रोश मार्च में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा परिवारवाद वाली पार्टी नहीं चाहती है कि महिलाएं सशक्त हो और राजनीतिक क्षेत्र में वो मजबूत हो. उन्होंने कहा सीएम हेमन्त सोरेन को सिर्फ कल्पना सोरेन की चिंता है. वहीं कांग्रेस को मैडम और प्रियंका गांधी के लिए चिंता है. ऐसे में देश की बहू, बेटी, बहने आक्रोशित हैं और इन्हें सबक सिखाने के लिए तैयार हैं.

आदित्य साहू ने कहा झारखंड में महिला उत्पीड़न की घटना चरम पर है. 3 साल की बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटना होती है और पुलिस प्रशासन चुप बैठी रहती है. ऐसे में महिलाओं ने अब तय कर लिया है कि सबक जरुर सिखाएंगे. इस मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह परिवारवाद वाली पार्टी देश की महिलाओं के साथ धोखा देने वाली पार्टी है.