मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी एक्शन में : बिहार में शराब के ब्रांड पर भी कार्रवाई,कंपनी पर कसेगा कानूनी शिकंजा
पटना:बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर सरकार ने सख्ती और बढ़ाने का संकेत दिया है। उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी ने मुजफ्फरपुर में कहा कि अब बिहार में जिस ब्रांड की शराब पकड़ी जाएगी,उस ब्रांड की कंपनी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
शराबबंदी कानूनउल्लंघन करने वालों पर सरकार सख्त
मंत्री ने कहा कि बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे शराब की तस्करी और बिक्री कर कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। सरकार ऐसे मामलों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। अब कार्रवाई का दायरा और बढ़ाते हुए शराब के ब्रांड और उससे जुड़ी कंपनी की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील
मदन सहनी मुजफ्फरपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन और सरकार के कामकाज को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।
विभागीय राजस्व बढ़ाने को लेकर निर्देश
मंत्री ने कहा कि शराबबंदी कानून को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के साथ ही विभागीय राजस्व बढ़ाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सरकार प्रतिबद्ध
सरकार के इस नए रुख से शराब की तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में कंपनियों की जवाबदेही भी जांच के दायरे में आने की संभावना है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि बिहार में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।





