लंदन में कार्यक्रम : वैश्विक संवाद में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की शिरकत, देश के विकास में झारखंड के योगदान पर चर्चा

Edited By:  |
london mein karyakarm london mein karyakarm

लंदन:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यूनाइटेड किंगडम स्थित भारत के उच्चायोग में आयोजित आधिकारिक स्वागत समारोह में शिरकत की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों,नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों से संवाद किया. स्वागत समारोह उच्चायुक्त विक्रम दोराई स्वामी द्वारा आयोजित किया गया था.

कार्यक्रम में भारत के समग्र विकास में झारखंड के योगदान पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की आर्थिक प्रगति,औद्योगिक संभावनाओं,प्राकृतिक संसाधनों और मानव संसाधन की क्षमताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि झारखंड खनिज संपदा,युवा शक्ति और सांस्कृतिक विरासत के जरिए देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.

संवाद के दौरान यूनाइटेड किंगडम के साथ विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक साझेदारी के अवसरों पर भी विशेष चर्चा हुई. साथ ही उच्च शिक्षा,कौशल विकास,खेल और महत्वपूर्ण खनिजों एवं क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में संभावित सहयोग की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग से झारखंड के युवाओं को वैश्विक अवसर मिल सकते हैं.

यह संवाद यूके-भारत रणनीतिक साझेदारी के व्यापक ढांचे और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के अनुरूप रहा. कार्यक्रम को झारखंड के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश, शिक्षा और तकनीकी सहयोग के नए द्वार खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है.

रांची से वरिष्ठ संवाददाता संतोष कुमार की रिपोर्ट