पलामू : नक्सलियों का गढ़ माना जाने वाला बूढ़ापहाड़ के इलाके से वोटिंग करवा कर मतदानकर्मी मंगलवार को सुबह हेलीकॉप्टर से चियांकी हवाई अड्डा पर लौट चुके हैं.
आपको बता दें कि बूढ़ापहाड़ का इलाका पलामू लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है. बूढ़ापहाड़ के इलाके में आठ मतदान केंद्रों पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से मतदानकर्मियों को भेजा गया था. वोटिंग करवा कर वापस लौटने वाले मतदान कर्मियों ने बताया कि इलाके में सुबह सात बजे से पहले ही लोग वोट देने के लिए पंक्ति में लग गए थे. बूढ़ापहाड़ के इलाके में मतदान करवाने वाले मतदानकर्मियों ने बताया कि इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे और लोगों के चेहरे पर मतदान करने की खुशी थी.
