ज्योति सिंह मथारू ने अविनाश कुमार से की मुलाकात : जैन साधु-साध्वियों के लिए समुचित व्यवस्था कराने का किया अनुरोध
रांची:झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू ने मंगलवार को झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की. जैन समाज के साधु-साध्वियों के चतुर्मास एवं पदविहार के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और विश्राम के लिए सामुदायिक भवनों एवं विश्रामगृहों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के संबंध में अनुरोध किया.
ज्योति सिंह मथारू नेमुख्य सचिव को अवगत कराया कि जैन समाज के साधु-साध्वियों का इस वर्ष का पदविहार एवं चतुर्मास कार्यक्रम 25 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा. इस दौरान विभिन्न जिलों एवं मार्गों से होकर साधु-साध्वियों का आगमन एवं प्रवास होना है. उन्होंने आग्रह किया कि राज्य के सभी उपायुक्तों एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किया जाए, ताकि साधु-साध्वियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सके.
उन्होंने बताया कि साधु-साध्वियों के ठहराव एवं रात्रि विश्राम के लिए आवश्यकता के अनुसार सामुदायिक भवनों, धर्मशालाओं अथवा अन्य उपयुक्त सरकारी परिसरों में विश्रामगृह और पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराया जाए. साथ ही पदविहार मार्गों पर यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित किया जाए.
मथारू ने यह भी अनुरोध किया कि साधु-साध्वियों के आगमन की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराए और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाए.
मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने विषय की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं समुचित समन्वय का आश्वासन दिया.





