झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आगाज : स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने किया संबोधित,कहा-सदन में बजट सहित विभिन्न मुद्दों पर होगा बहस
रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आगाज आज से गया है. सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सदन को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि सत्र केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं है. राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता की निगाहें इस सदन की कार्यवाही पर रहती हैं.
स्पीकर ने बताया कि झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी 2026 से 19 मार्च 2026 तक चलेगा. इस दौरान कुल 17 कार्यदिवस निर्धारित किए गए हैं. इन कार्यदिवसों में बजट सहित राज्य की नीतियों, योजनाओं, वित्तीय प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा. यह बजट राज्य की भावी विकास दिशा, प्राथमिकताओं और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण का आधार बनेगा.
बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का स्वागत किया गया. मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, पुलिस महानिरीक्षक मनोज कौशिक, प्रभारी सचिव और रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अभिवादन किया.
वहीं, षष्ठम झारखण्ड विधानसभा के पंचम (बजट ) सत्र के पहले दिन विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्र नाथ महतो का सीएम हेमंत सोरेन ने अभिवादन किया.





