रामगढ़: आधारभूत संरचनाओं,एफआरए,भूअर्जन तथा विभिन्न परियोजनाओं को लेकर रामगढ़ उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया.

भारतमाला परियोजना,राष्ट्रीय राजमार्ग 33,रेलवे सहित अन्य सड़क निर्माण संबंधित योजनाओं की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने पैकेजवार मुआवजा भुगतान की स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान उपायुक्त ने कार्यो में तेजी लाने का निर्देश दिया. वहीं संबंधित क्षेत्रों के अंचल अधिकारियों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया संबंधित ग्राम सभा के आयोजन सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए.

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीसीएल,पथ निर्माण विभाग,पीवीयूएनएलसहित अन्य परियोजनाओं के अधिकारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए एफआरए,एनओसी,जमीन अधिग्रहण सहित लंबित मामलों की जानकारी लेने के उपरांत जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए उनके निष्पादन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

उपायुक्त ने अंचलवार अंचल अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं में भूमि सहित अन्य मामलों के तहत हो रहे कार्यों की जानकारी लेने के बाद मामलों पर कार्रवाई करते हुए ससमय उनका निष्पादन करने का निर्देश दिया.

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी परियोजनाओं के अधिकारियों को किए जा रहे कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं से जिला प्रशासन को नियमित रूप से अवगत कराने का निर्देश दिया.

बैठक के दौरान अपर समाहर्ता रामगढ़,अनुमंडल पदाधिकारी,भूमि सुधार उप समाहर्ता,जिला भूअर्जन पदाधिकारी,नजारत उप समाहर्ता,विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक,जिला स्तरीय अधिकारियों,अंचल अधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे.

रामगढ़ से मुकेश कुमार की रिपोर्ट--