JHARKHAND NEWS : रांची में नैनो उर्वरक जागरुकता महाअभियान के तहत किसान सभा का हुआ आयोजन
रांची : जिले के सोनाहातू प्रखंड के सोन्दारी ग्राम पंचायत स्थित सचिवालय भवन में शनिवार को नैनो उर्वरक जागरुकता महाअभियान के तहत किसान सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अरविंद कुमार सिन्हा प्रखंड सहकारिता विकास पदाधिकारी, शिवशंकर लिंडा, मुखिया, कृष्णा सिंह,प्रबंधक सोन्दारी लैम्पस, प्रगतिशील किसान लक्ष्मण महतो, थेनू कुजूर सहित 90 महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया.
किसान सभा कार्यक्रम में चन्दन कुमार ने धान की उन्नत एवं लाभकारी खेती में नैनो उर्वरक कैसे अपनी भूमिका निभाते हैं की जानकारी दी और धान बीज के नर्सरी तैयारी से लेकर फ़सल में दानों के निर्माण होने तक के विभिन्न अवस्थाओं में इफको नैनो यूरिया, नैनो DAP, नैनो कॉपर, नैनो जिंक के प्रयोग कब कैसे और कितनी मात्रा में करना चाहिए कि बात की. सभी से निवेदन किया कि धान बीज को नैनो DAP से शोधन कर ही बुवाई करें और रोपाई के समय नर्सरी के जड़ों को शोधन करें.
प्रगतिशील किसान लक्ष्मण महतो ने पिछले चार वर्षों से नैनो उर्वरकों के विभिन्न फसलों में अपने प्रयोग एवं इनके बहुआयामी फायदों के बारे में किसानों से अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने इनके प्रयोग के विधि के बारे में जानकारी दी और सभी से निवेदन किया कि बिना किसी संशय के सभी किसान इनका प्रयोग करें. थेनू जी ने फसलों के अवशेष को खेत में ही विघटित कर खाद बनाने के लिए इफको जैव अपघटक के प्रयोग के लिए सभी से कहा. मुखिया जी ने आज के कार्यक्रम को बहुत सार्थक बताया और कहा कि नैनो उर्वरकों के प्रयोग तो वो करते हैं पर आज इसके उपयोग एवं महत्व के बारे में अच्छी जानकारी दी गई.
अरविंद कुमार ने सोन्दारी लैम्पस के सक्रिय होने के उपरांत किसानों को क्या - क्या फायदा हो रहा है कि चर्चा की एवं वर्तमान खरीफ में उनके लिए बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात की साथ ही सभी से लैम्पस के विभिन्न गतिविधियों में सक्रियता से भाग लेकर इसे और आगे ले जाने की बात की.
इस अवसर पर प्रगतिशील किसान लक्ष्मण महतो को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.





