JHARKHAND NEWS : नगर आयुक्त ने नये मेयर रौशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार समेत सभी पार्षदों को किया सम्मानित
रांची : नगर निगम कार्यालय में एक गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें नगर आयुक्त महोदय द्वारा नवनिर्वाचित महापौर रौशनी खलखो,उप महापौर नीरज कुमार एवं सभी वार्ड पार्षदों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया.
इस अवसर पर निगम परिसर में सकारात्मक ऊर्जा एवं जनसेवा के नए संकल्प की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली. नगर आयुक्त महोदय ने सभी जनप्रतिनिधियों को उनके निर्वाचन के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि नगर के समग्र विकास,स्वच्छता,बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में निगम प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है.
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित महापौर,उप महापौर एवं पार्षदगण अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा,पारदर्शिता एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए करेंगे तथा शहर के विकास को नई दिशा देंगे.
कार्यक्रम के दौरान महापौर रौशनी खलखो ने निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास उन्हें सौंपा है,उस पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने शहर को स्वच्छ,सुन्दर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी के सहयोग से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई.
उप महापौर नीरज कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि निगम के विकास कार्यों में गति लाने एवं नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु वे सदैव तत्पर रहेंगे.
इस अवसर पर सभी वार्ड पार्षदों ने भी शहर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में निगम के वरिष्ठ पदाधिकारी,कर्मचारीगण एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे.
कार्यक्रम का समापन आपसी सहयोग,समन्वय एवं जनसेवा के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ.
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त संजय कुमार,उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार,उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू,मुख्य अभियंता,सहायक प्रशासकएवं निगम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट--





