लोहरदगा : खबर है लोहरदगा की जहां जिले के भंडरा प्रखंड के आकाशी गांव निवासी अमरदीप तिवारी की पुत्री श्रुति कुमारी ने जैक बोर्ड के मैट्रिक परीक्षा में राज्य में टॉप टेन में दसवां स्थान पाया है. श्रुति कुमारी अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता अमरदीप तिवारी,मां रेखा देवी एवं शिक्षिका सिस्टर अश्रिता को देती हैं.

श्रुति ने कहा कि पढ़ाई हो या कोई भी काम मन लगाकर करने से सफलता जरूर मिलती है. इसमें घर के अभिभावकों के निर्देशों का पालन करना भी बहुत ही जरुरी है. उन्होंने बताया कि लोहरदगा उर्सलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाईस्कूल के सिस्टर अश्रिता का बहुत सहयोग रहा है. उन्होंने कहा कि उनका सपना आईएएस बनकर देश की सेवा करना है. साथ ही समाज के हर वर्ग के लोगों के विकास में साथ देना है.

गौरतलब है कि झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने आज मैट्रिक और इंटर साइंस का परिणाम घोषित किया है. परीक्षा परिणाम की घोषणा स्कूली शिक्षा विभाग के सचिव के.के. रवि कुमार और जैक बोर्ड के अध्यक्ष अनिल कुमार महतो ने किया. मैट्रिक बोर्ड में 95.38 प्रतिशत छात्र सफल हुए और इंटर साइंस में 81.45 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं.