Bihar : चांसलर ट्रॉफी अंतर-विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का राज्यपाल ने किया उद्घाटन, कहा : खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध


PATNA :बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने चांसलर ट्रॉफी अंतर-विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता, 2024 का उद्घाटन किया। इस अवसर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पृथक खेल विभाग का गठन कर खेलकूद को बढ़ावा देने के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है। यह मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का परिचायक है। बिहार सभी क्षेत्रों में आगे रहा है और यह राज्य खेल के क्षेत्र में भी पीछे नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार की खेल संस्कृति इस राज्य की अत्यन्त समृद्ध संस्कृति के विभिन्न आयामों में से एक है। कला, संगीत, नाटक, शिक्षा आदि के साथ-साथ क्रीड़ा भी बिहार की संस्कृति का अंग है। उन्होंने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में इसके लिए प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने चांसलर ट्रॉफी अंतर-विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता, 2024 का ध्वज फहराया तथा ट्रॉफी का अनावरण किया। उन्होंने इस प्रतियोगिता के तहत बीएन मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा एवं वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के बीच पुरूष वर्ग के प्रथम मैच तथा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा एवं पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया के बीच महिला वर्ग के प्रथम मैच का शुभारम्भ किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
राज्यपाल ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण भी किया। उद्घाटन समारोह में पाटलीपुत्र विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी की गयी।
इस अवसर पर खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्थू, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के खिलाड़ीगण, निर्णायक मण्डल के सदस्यगण, इस प्रतियोगिता से आयोजन जुड़े महानुभावगण एवं अन्य लोग उपस्थित थे।