राष्ट्रीय सचिव कौसर खान के घर पहुंचे तेजस्वी : पत्नी की आकस्मिक निधन पर परिवार को दी सांत्वना,बोले-अपराध पर सरकार पूरी तरह विफल
पटना:राष्ट्रीय जनता दल के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव कौसर खान की पत्नी की आकस्मिक निधन की सूचना मिलने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव फुलवारीशरीफ स्थित उनके आवास पहुंचे. तेजस्वी यादव ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कौसर खान को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा आरजेडी परिवार उनके साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि कौसर खान आरजेडी के मजबूत और समर्पित नेता हैं और लालू यादव के समय से ही पार्टी से जुड़े हुए हैं. उनकी पत्नी के अचानक निधन की खबर बेहद दुखद और पीड़ादायक है. तेजस्वी ने शोकाकुल परिवार को हिम्मत देते हुए कहा कि "हम इनसे अलग नहीं हैं,इनके दुख में हम भी बराबर के सहभागी हैं.
इस दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध चरम पर पहुंच चुका है और आम लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं, तब से अब तक कोई ठोस काम दिखाई नहीं दिया है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार उन पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में दो पदाधिकारियों की हत्या जैसी घटनाएं हुई हैं, जो कानून-व्यवस्था की बदहाल स्थिति को दर्शाती हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार को अपराध नियंत्रण पर गंभीरता से काम करना चाहिए ताकि जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।





