जलकैदी की जिंदगी जीने को मजबूर बाढ़ पीड़ित : 25 हजार से अधिक की आबादी ऊंची जगह शिफ्ट, 25 पंचायत बाढ़ से प्रभावित

Edited By:  |
Reported By:
 Flood victims forced to live the life of water prisoners  Flood victims forced to live the life of water prisoners

KHAGARIA : खगड़िया में भी बाढ़ ने तबाही मचा दी है। जिले के चार प्रखंड के 25 पंचायत और तीन नगर पंचायत बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित हो गए हैं। सबसे बुरा हाल खगड़िया सदर प्रखंड के रहीम मध्य और रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के जंगली टोला, मथार, बरखंडी आदि 17 वार्डों की है, जहां का इलाका पूरी तरह से जलमग्न हो गया है।

इन इलाकों के सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जिससे प्रभावित परिवार या तो अपने घरों को छोड़ ऊंचे जगहों पर शरण ले लिए हैं, नहीं तो जलकैदी की जिंदगी जीने को मजबूर हैं। लोग अपने घरों की चौकी पर तो मचान और छत पर पॉलिथिन सीट टांग कर रह रहे हैं, जहां बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है।

पेयजल से लेकर दो वक्त का भोजन जुटाना मुश्किल हो रहा है। बाढ़ पीड़ितों की माने तो इन तीन पंचायतों में अब तक जिला प्रशासन की ओर सूखा भोजन तो दूर, नाव तक की व्यवस्था नहीं की गई है जबकि जिला प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में 13 सामुदायिक किचन शुरू किया गया है। 81 नाव चलाए जा रहे हैं। पांच हजार से अधिक पॉलिथीन सीट का वितरण किया जा चुका है।