Hindi News / बिहार में फिल्म शूटिंग की मंजूरी लेना हुआ आसान,अब बढ़ेंगी गतिविधियां

डेजी ईरानी नोडल पदाधिकारी नियुक्त : बिहार में फिल्म शूटिंग की मंजूरी लेना हुआ आसान,अब बढ़ेंगी गतिविधियां

Edited By:  |
deji irani nodal padadhikari niyukt deji irani nodal padadhikari niyukt

पटना: बिहार में फिल्म निर्माण और शूटिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. फिल्म शूटिंग की अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए निगरानी विभाग ने सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम के संचालन के लिए डेजी ईरानी को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया है. यह निर्णय बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड के अनुरोध पर लिया गया है.

डेजी ईरानी वर्तमान में निगरानी विभाग, बिहार में विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) के पद पर कार्यरत हैं. सरकार का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं को विभिन्न विभागों से अलग-अलग अनुमति लेने की जटिल प्रक्रिया से राहत देना है. अब सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से विभिन्न विभागों की अनुमति प्रक्रियाओं को एक मंच पर लाकर त्वरित स्वीकृति प्रदान की जाएगी.

सरकार का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने से फिल्म निर्माताओं को समय और संसाधनों की बचत होगी. पहले शूटिंग की अनुमति के लिए कई विभागों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे प्रक्रिया लंबी और जटिल हो जाती थी. सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम इस समस्या का समाधान करेगा और फिल्म निर्माण को बढ़ावा देगा.

बिहार सरकार पिछले कुछ वर्षों से राज्य को फिल्म निर्माण के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है. राज्य में ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की भरमार है, जो फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर सकती है. सरकार का मानना है कि फिल्म उद्योग के विकास से न केवल निवेश बढ़ेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से बिहार में फिल्म शूटिंग की गतिविधियां बढ़ेंगी और राज्य की सांस्कृतिक एवं पर्यटन पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी. सरकार को उम्मीद है कि सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था फिल्म उद्योग के लिए सुविधाजनक साबित होगी और बिहार में फिल्म निर्माण को नई गति मिलेगी.