चीनी पर सियासत : त्योहारों के मौसम में कम हुई मिठास तो पक्ष-विपक्ष के बीच आई राजनीतिक कड़वाहट
रांची: त्योहारों के मौसम आते ही जहां बाजारों में मिठाइयों की मिठास और रौनक बढ़ जाती है, वहीं चीनी की आसमान छूती कीमत और बढ़ती महंगाई ने मिठास कम कर दिया है. अब इस मामले पर सियासत तेज हो गई है.
झारखण्ड में मिठास को लेकर राजनीतिक कड़वाहट बढ़ गई है.झारखंड की सत्ता दल ने चीनी की बढ़ती कीमत को साजिश करार दिया है. कांग्रेस का कहना है कि केंद्र सरकार की पॉलिसी ने साजिश के तहत गाड़ियों को भी खराब करने का काम किया और मिठास भी छीन रहे हैं. यह महंगाई पीड़ा दायक है जिसके खिलाफ कांग्रेस सड़क पर उतरेगी.
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि आम और मध्यम वर्ग पर महंगाई की मार डालकर अमीरों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. केंद्रीय मंत्री के पुत्रमोह में की वजह से आम जनता को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन यह बाते केंद्र की सरकार को समझ नहीं आ रही है. वह सिर्फ अपने फायदे और सत्ता में बने रहने के लिए काम कर रही है.
वहीं, केंद्र सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सरकार का बचाव करते हुए महंगाई बढ़ने की वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में उछाल और कम बारिश को बताया है. बीजेपी नेता प्रतुल शाहदेव का कहना है कि बारिश कम होने की वजह से गन्ने का उत्पादन प्रभावित हुआ है जिसका असर चीनी की कीमतों पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार हालात को बेहतर करने की कोशिश कर रही है. बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने महंगाई के आरोपों पर पलटवार करते हुए दावा किया है कि पिछली सरकारों की तुलना में मौजूदा समय में महंगाई की दर कम है.





