Hindi News / शिक्षा विभाग ने जिलों से मांगा नया ब्योरा,नोटिफिकेशन के लिए अभ्यर्थियों का बढ़ा...

BPSC TRE-4 में बढ़ सकती है वैकेंसी : शिक्षा विभाग ने जिलों से मांगा नया ब्योरा,नोटिफिकेशन के लिए अभ्यर्थियों का बढ़ा इंतजार

Edited By:  |
bpsc tre-4 mein badh sakta hai vaccancy bpsc tre-4 mein badh sakta hai vaccancy

बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती यानी BPSC TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी जिलों से माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षकों के विषयवार खाली पदों की संशोधित जानकारी मांगी है। माना जा रहा है कि जिलों से मिलने वाली नई रिक्तियों को TRE-4 की भर्ती में शामिल किया जा सकता है। इससे कुल पदों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

विभाग ने TRE-3 के बाद खाली रह गए पदों के साथ बैकलॉग रिक्तियों का भी ब्योरा मांगा है। इन पदों का आरक्षण समायोजन कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलों को विषयवार और श्रेणीवार रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। नई रिक्तियों का विवरण मिलने के बाद संशोधित अधियाचना तैयार कर BPSC को भेजी जाएगी।

इससे पहले शिक्षा विभाग की ओर से TRE-4 के लिए 32,388 पदों की अधियाचना BPSC को भेजे जाने की जानकारी सामने आई थी। इसमें कक्षा 1 से 5 तक 3,847, कक्षा 6 से 8 तक 8,563, कक्षा 9 से 10 तक 3,877 और कक्षा 11 से 12 तक 16,101 पद शामिल हैं।

अब अतिरिक्त रिक्तियों को शामिल किए जाने पर भर्ती का आंकड़ा बढ़ सकता है। हालांकि, जिलों से रिक्तियों और आरक्षण रोस्टर की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया के कारण आधिकारिक नोटिफिकेशन में देरी हो सकती है।

अभ्यर्थियों को अब BPSC की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक विज्ञापन का इंतजार करना होगा। विभाग द्वारा अंतिम रिक्तियां तय किए जाने के बाद ही पदों की वास्तविक संख्या स्पष्ट होगी।