Hindi News / डीसी ने अवैध निकासी के बाद ट्रेजरी का किया निरीक्षण,पूरे रिकॉर्ड की गहन...

बोकारो प्रशासन अलर्ट मोड पर : डीसी ने अवैध निकासी के बाद ट्रेजरी का किया निरीक्षण,पूरे रिकॉर्ड की गहन जांच

Edited By:  |
bokaro prashashan alert mode par bokaro prashashan alert mode par

बोकारो:बोकारो ट्रेजरी से चार करोड़ से अधिक राशि की अवैध निकासी के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. इसी कड़ी में बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने ट्रेजरी का निरीक्षण कर पूरे रिकॉर्ड की गहन जांच की.

निरीक्षण के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वर्ष 2018 से अब तक किसी भी उपायुक्त द्वारा ट्रेजरी का विधिवत निरीक्षण नहीं किया गया था, जबकि नियम अनुसार हर छह महीने में विधिवत निरीक्षण अनिवार्य है. डीसी ने बताया कि ट्रेजरी कोड के तहत अप्रैल और अक्टूबर में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिसकी जिम्मेदारी स्थापना शाखा की होगी.

डीसी अजय नाथ झा ने यह भी बताया कि वर्ष 2016 से अब तक के रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है. जिसमें वेतन भुगतान से जुड़ी कई गड़बड़ियां सामने आई हैं. उन्होंने आशंका जताई है कि सिस्टम में घुसकर छेड़छाड़ की गई है.

फिलहाल जांच पूरी होने तक सभी प्रकार के भुगतान पर रोक लगा दी गई है. चार सदस्यीय जांच समिति इस पूरे मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट सौंपने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.