Hindi News / सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या के आधार पर होगी शिक्षक की तैनाती

बिहार शिक्षा विभाग के नए मानक तय : सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या के आधार पर होगी शिक्षक की तैनाती

Edited By:  |
bihar shiksha vibhag k nae manak tae bihar shiksha vibhag k nae manak tae

पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के पदस्थापन को लेकर शिक्षा विभाग ने नए मानक तय कर दिए हैं। अब विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती छात्र संख्या के आधार पर की जाएगी,ताकि सभी स्कूलों में शिक्षकों का संतुलित और विषयवार पदस्थापन सुनिश्चित हो सके। नई स्थानांतरण नीति के तहत प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालयों तक न्यूनतम शिक्षक मानक निर्धारित कर दिए गए हैं। इसी आधार पर जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में रिक्तियों का निर्धारण होगा और ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 5) में 60 विद्यार्थियों तक दो शिक्षक रहेंगे। 61 से 90 छात्रों पर तीन, 91 से 120 पर चार, 121 से 150 पर पांच तथा 151 से 200 छात्रों तक छह शिक्षक (प्रधान शिक्षक सहित) तैनात होंगे। इसके बाद प्रत्येक 40 अतिरिक्त विद्यार्थियों पर एक शिक्षक बढ़ाया जाएगा।

मध्य विद्यालय (कक्षा 6 से 8) में 105 विद्यार्थियों तक विज्ञान-गणित, सामाजिक विज्ञान और हिंदी के एक-एक शिक्षक अनिवार्य होंगे। छात्र संख्या बढ़ने पर अंग्रेजी, उर्दू, संस्कृत तथा अन्य विषयों के अतिरिक्त शिक्षक भी दिए जाएंगे।

माध्यमिक विद्यालय (कक्षा 9-10) में 120 विद्यार्थियों पर कम से कम छह शिक्षक होंगे। इनमें गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और उर्दू जैसे विषयों के शिक्षक शामिल होंगे। 420 से अधिक छात्रों वाले विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की संख्या बढ़ाकर 11 तक की जाएगी, जिसमें संगीत, नृत्य, ललित कला और शारीरिक शिक्षा के शिक्षक भी शामिल होंगे।

उच्च माध्यमिक विद्यालय (कक्षा 11-12) में 360 विद्यार्थियों तक न्यूनतम 15 शिक्षक रहेंगे। 361 से 600 छात्रों पर 17, 601 से 840 पर 20, 841 से 1080 पर 20, 1081 से 1320 पर 25 तथा 1321 से 1560 विद्यार्थियों पर न्यूनतम 27 शिक्षक तैनात किए जाएंगे। वहीं, 771 से अधिक नामांकन वाले विद्यालयों में न्यूनतम 12 शिक्षक अनिवार्य होंगे। शिक्षा विभाग सभी प्रखंडों से आंकड़े जुटाकर छात्र संख्या के अनुरूप शिक्षकों का समानुपातिक और विषयवार पदस्थापन सुनिश्चित करेगा।