बिहार सरकार की बेहतरीन पहल : जिला मुख्यालय से लेकर अनुमंडल मुख्यालयों में भी खुलेंगे मॉडल स्कूल,तैयारी शुरू
पटना:बिहार सरकार ने राज्य के सभी प्रखंडों के साथ अब जिला मुख्यालय और अनुमंडल मुख्यालयों में आदर्श मॉडल स्कूल खोलने का निर्णय लिया है. इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा तैयारी शुरू कर दी गयी है.
बता दें कि राज्य सरकार ने बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बिहार के सभी 534 प्रखंडों में एक आदर्श मॉडल स्कूल खोलने का आदेश दिया था. इसके लिए कार्रवाई भी शुरू कर दी गई थी. इसके बाद राज्य सरकार ने सभी जिला मुख्यालयों, अनुमंडल मुख्यालयों में मॉडल स्कूल स्थापित करने का आदेश दिया है.
सरकार के फैसले के बाद अब बड़े शहरों के बीचो-बीच मॉडल स्कूल खुलेंगे. राज्य के 534 प्रखंडों के अलावा 150 नए मॉडल स्कूल खोले जाएंगे. इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र भेजकर विद्यालयों का चयन कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है, ताकि शीघ्र नए मॉडल स्कूलों को खोला जा सके.
इन मॉडल स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक लैब, अनुभवी शिक्षक और नौवीं कक्षा से ही नीट और जेई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.





