बिहार पुलिस में वर्दी को लेकर सख्ती : DGP का बड़ा आदेश, चंदन टीका, आभूषण और ड्रेस नियमों पर सख्त निर्देश
पटना:बिहार में पुलिस वर्दी और अनुशासन को लेकर बड़ा संदेश सामने आया है. डीजीपी विनय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ड्यूटी के दौरान वर्दी में किसी भी तरह की ढिलाई या निजी सजावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने साफ किया कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में चंदन टीका लगाकर ड्यूटी नहीं कर सकता,क्योंकि यह सर्विस रूल के खिलाफ है.
डीजीपी ने महिला पुलिसकर्मियों को भी विशेष निर्देश देते हुए कहा कि वे सज-धज कर या अत्यधिक मेकअप के साथ ड्यूटी पर नहीं आएं. पुलिस सेवा में सादगी और अनुशासन जरूरी हैऔर इसका पालन सभी को करना होगा. इसके अलावा उन्होंने कहा कि वर्दी के साथ टोपी पहनना अनिवार्य है. बिना टोपी ड्यूटी करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और ऐसे मामलों में कार्रवाई हो सकती है.
वर्दी के अन्य नियमों पर भी सख्ती दिखाई गई है. बेल्ट पहनना अनिवार्य बताया गया है और ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी सभी उंगलियों में अंगूठी नहीं पहन सकते. इस तरह की चीजें वर्दी की गरिमा के खिलाफ मानी जाती है.
डीजीपी ने सभी पुलिसकर्मियों को आगाह करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा. इस निर्देश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और इसे अनुशासन मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





