Hindi News / मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने की महिला एवं बाल विकास निगम की समीक्षा...

BIHAR NEWS : मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने की महिला एवं बाल विकास निगम की समीक्षा बैठक

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को महिला एवं बाल विकास निगम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम,बिहार द्वारा मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया.

बैठक में निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई. मंत्री ने महिला सशक्तिकरण,बाल संरक्षण एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने हेतु संचालित योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए.

समीक्षा के दौरान मिशन शक्ति,मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना,महिला हेल्पलाइन-181,वन स्टॉप सेंटर (सखी),बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ,कार्यकारी महिला छात्रावास,महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों सहित निगम की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई. मंत्री ने निर्देश दिया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा,संरक्षण,पुनर्वास,आर्थिक सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भरता से संबंधित योजनाओं का लाभ आधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाया जाए.

तत्पश्चात मंत्री द्वारा निगम भवन का भ्रमण किया गया. इस दौरान उन्होंने महिला हेल्पलाइन-181एवं चाइल्ड हेल्पलाइन-1098के संचालन,शिकायत निवारण व्यवस्था तथा महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं का अवलोकन किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संकटग्रस्त महिलाओं एवं बच्चों को त्वरित,संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा हेल्पलाइन सेवाओं की पहुँच राज्य के प्रत्येक जिले एवं पंचायत स्तर तक सुदृढ़ की जाए.

मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार महिलाओं एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास,सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है. मिशन शक्ति एवं मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना जैसी पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन,सतत निगरानी एवं जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक मजबूत करने का निर्देश दिया.

बैठक में अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग, बिहार एच. आर. श्रीनिवास, प्रबंध निदेशक, महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार धर्मेन्द्र कुमार सहित विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट-