Hindi News / छात्रों के मुद्दों और कानून-व्यवस्था को लेकर राज्यपाल के प्रधान सचिव से मिला...

BIHAR NEWS : छात्रों के मुद्दों और कानून-व्यवस्था को लेकर राज्यपाल के प्रधान सचिव से मिला राजद प्रतिनिधिमंडल

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: बिहार में कानून-व्यवस्था,छात्रों के आंदोलन,परीक्षा व्यवस्था में अनियमितता,पेपर लीक,बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को राज्यपाल के प्रधान सचिव से मिला. राज्यपाल की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा.

राजद ने आरोप लगाया कि बिहार में लोकतांत्रिक मूल्यों और युवाओं के अधिकारों से जुड़े गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं. पार्टी ने सीवान में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग औरAK-47 के इस्तेमाल या आदेश से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. राजद ने कहा कि जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को निलंबित किया जाए और दोष साबित होने पर कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई हो.

प्रतिनिधिमंडल ने गर्दनीबाग में धरना दे रहे छात्रों और युवाओं की मांगों का तत्काल समाधान करने तथा सरकार से उनके साथ सार्थक संवाद शुरू करने की मांग भी रखी. इसके अलावा परीक्षा से संबंधित शिक्षकों और विश्वविद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए स्वतंत्र,पारदर्शी और समयबद्ध शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने की मांग की गई.

राजद ने बिहार में रिक्त पदों पर समयबद्ध नियुक्ति के लिए भर्ती कैलेंडर जारी करने और नियुक्ति प्रक्रिया को अधिकतम छह महीने में पूरा करने की मांग की. पार्टी ने विश्वविद्यालयों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति शुरू करने और नामांकन से परीक्षा तक वार्षिक अकादमिक कैलेंडर सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई.

सरकारी विद्यालयों की बदहाल बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा भी ज्ञापन में प्रमुखता से शामिल रहा. राजद ने विषयवार शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी दूर करने,पर्याप्त कक्ष उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों में जरूरी संसाधन सुनिश्चित करने की मांग की.

राजद ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए और बिहार की स्थिति में सुधार नहीं हुआ,तो राष्ट्रपति के समक्ष बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने का प्रस्ताव भेजने की पहल की जाएगी. पार्टी ने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता तथा उनके अधिकारों और बिहार के भविष्य से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--