BIHAR NEWS : पटना नगर निगम के कर्मचारी प्रतिनिधियों ने महापौर सीता साहू से मिलकर वेतन वृद्धि के लिए जताया आभार
Patna : पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह के नेतृत्व में कर्मचारी प्रतिनिधियों ने महापौर सीता साहू से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को पुष्पगुच्छ भेंट किया और दैनिक मजदूरों की तरह अप्रैल 2025 से आउटसोर्स कर्मियों के लिए वेतन वृद्धि के निर्णय पर आभार व्यक्त किया.
विदित है कि महापौर की अध्यक्षता में आयोजित पटना नगर निगम की 21वीं सशक्त स्थायी समिति की साधारण बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि नगर निगम के किसी भी आउटसोर्सिंग कर्मी को सरकार द्वारा निर्धारित दैनिक मजदूरी से कम भुगतान नहीं किया जाएगा. इस निर्णय से निगम के करीब पांच हजार आउटसोर्सिंग कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.
बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर,जिस प्रकार निगम के दैनिक कर्मियों के मानदेय में प्रत्येक छह माह पर वृद्धि की जाती है,उसी प्रकार अब आउटसोर्सिंग कर्मियों के मानदेय में भी हर छह महीने पर वृद्धि की जाएगी. यह नई व्यवस्था 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी होगी.
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से यह भी मांग की है कि दैनिक कर्मियों का जब तक नियमितीकरण नहीं होता है तब तक उन्हें समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के चालकों का वेतन ई-रिक्शा चालकों की तुलना में अधिक निर्धारित किया जाए,क्योंकि उनका कार्य अधिक श्रमसाध्य होता है. इस मांग पर महापौर ने नियमानुकूल सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया.
पटना नगर निगम कर्मियों के हित के लिए प्रतिबद्ध है- सीता साहू
महापौर ने कहा, “पटना नगर निगम के आउटसोर्सिंग कर्मी शहर की सफाई व्यवस्था,जनसेवा और निगम के विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. ऐसे कर्मियों को न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान नहीं होना चाहिए. निगम उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े निर्णय लिए जाते रहेंगे.”
निगमकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान कराना हमारा उद्देश्य- नगर आयुक्त
पटना नगर निगम के कर्मचारी,मजदूर एवं सफाईकर्मी निगम की रीढ़ हैं. निगम उनके हितों,समस्याओं और मांगों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है. नगर आयुक्त यशपाल मीणा द्वारा नियमित रूप से कर्मचारियों एवं श्रमिकों से मुलाकात कर,उनकी शिकायतों और सुझावों को सुना जाता है तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते हैं. वेतन वृद्धि पर नगर आयुक्त ने कहा, "निगम का उद्देश्य केवल बेहतर कार्य वातावरण देना नहीं,बल्कि हर कर्मचारी को सम्मान,सुरक्षा और विश्वास प्रदान करना है.”उन्होंने कहा, "सफाईकर्मियों एवं उनके परिवार के सम्मानपूर्वक जीवन यापन के लिए निगम द्वारा विभिन्न पहल की जा रही है. इसी के अंतर्गत "अभियान उड़ान" की शुरुआत की जा रही है जिसके अंतर्गत निगम के सफाईकर्मियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आवश्यक मदद उपलब्ध करायी जाएगी."
निगम के कर्मचारियों के हित में स्थायी समिति ने ऐतिहासिक निर्णय लिया: चंद्रप्रकाश सिंह
संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष श्रीलचंद्रप्रकाश सिंह ने कहा, “नगर निगम द्वारा लिया गया यह निर्णय आउटसोर्सिंग कर्मियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है. इससे हजारों कर्मियों को आर्थिक राहत मिलेगी. हम सभी कर्मचारी महापौर महोदया के प्रति आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके हित में ठोस निर्णय लिया.”
प्रतिनिधिमंडल में समिति के सचिव नीरज वर्मा सहित राजाराम प्रसाद,नितेश पांडेय,प्रभात कुमार,मुकेश ठाकुर,चंद्रमौली यादव,रीत राम,विकास कुमार और अजय प्रसाद उपस्थित थे.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





