BIHAR NEWS : मुख्यमंत्री भिक्षावृत्ति निवारण योजना के तहत आज से राज्यभर में भिक्षुकों का सर्वे शुरु
पटना: मुख्यमंत्री भिक्षावृत्ति निवारण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य के सभी 38 जिलों में भिक्षुकों का सर्वेक्षण 27 फरवरी 2026 से शुरु किया जा रहा है. यह सर्वे एक माह के भीतर पूरा किया जाएगा.
योजना के तहत वर्ष 2021 में हुई गणना को अद्यतन करने तथा भिक्षावृत्ति में संलिप्त शत-प्रतिशत व्यक्तियों की पहचान के उद्देश्य से यह सर्वे कराया जा रहा है. सर्वे के दौरान एकत्रित डाटा की एंट्री मोबाइल एप एवं हार्ड कॉपी दोनों माध्यमों से की जाएगी.
उद्देश्य:
राज्य के सभी 38 जिलों में महिला,पुरुष,बच्चे एवं ट्रांसजेंडर भिक्षुकों का सर्वे कर उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करना.
लक्षित समूह:
भिक्षावृत्ति में संलिप्त महिला,पुरुष,बच्चे एवं ट्रांसजेंडर.
कहां होगा सर्वे:
नगर निगम,नगर परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों—मंदिर,मस्जिद,गुरुद्वारा,रेलवे स्टेशन,बस स्टैंड,चौक-चौराहों आदि पर सर्वे किया जाएगा.
सर्वे की व्यवस्था:
सर्वे का कार्य जिला द्वारा चयनित सर्वेयर के माध्यम से किया जाएगा. सर्वेयर को एक माह के लिए अनुबंधित किया जाएगा तथा उन्हें सहायक निदेशक,जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा प्राधिकृत पत्र (Authority Letter)जारी किया जाएगा.
जिलावार सर्वेयर की संख्या:
पटना–05
गया एवं नालंदा (प्रति जिला)–03
09 जिलों में–02
26 अन्य जिलों में–01
सर्वेक्षण कार्य सहायक निदेशक,जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के निर्देशन में संपन्न होगा तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी.
सरकार का उद्देश्य है कि सर्वे के माध्यम से चिह्नित भिक्षुकों को पुनर्वास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जा सके.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





