BIHAR NEWS : मार्कशीट पर अब ‘फेल’ नहीं, ‘कौशल के लिए पात्र’ लिखेगा बिहार बोर्ड
पटना: बिहार सरकार ने विद्यार्थियों के मनोबल को बनाए रखने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है. अब बच्चों की मार्कशीट पर ‘फेल’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा. इसके स्थान पर प्रमाण पत्र में ‘कौशल के लिए पात्र’ शब्द लिखा जाएगा. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान यह घोषणा की.
शिक्षा मंत्री ने कहा कि किसी परीक्षा में अपेक्षित अंक नहीं आने से बच्चे की प्रतिभा समाप्त नहीं हो जाती. विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मनोबल को बनाए रखना जरूरी है. इसी उद्देश्य से प्रमाण पत्र में ‘फेल’ जैसे शब्द के इस्तेमाल को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए नियमों में आवश्यक बदलाव किया जाएगा और शिक्षा विभाग जल्द ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को निर्देश जारी करेगा.
सरकार के इस फैसले को विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक पहल के तौर पर देखा जा रहा है. इसका उद्देश्य परीक्षा में असफल रहने वाले बच्चों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को कम करना और उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है.
शिक्षा मंत्री ने मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। ऐसे विद्यार्थियों के लिए एक महीने तक विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी,ताकि उन्हें दोबारा परीक्षा की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके और अधिक से अधिक विद्यार्थी सफल हो सकें.
समीक्षा बैठक में आगामी 5 सितंबर को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होने वाले शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. इस दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री शिक्षक सहयोग पोर्टल की शुरुआत भी करेंगे.
समारोह में प्रत्येक जिले से एक-एक चयनित शिक्षक को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. बैठक में शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा की.
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट





