Hindi News / PHED मंत्री संजय कुमार सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया पदभार ग्रहण,...

BIHAR NEWS : PHED मंत्री संजय कुमार सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया पदभार ग्रहण, विभाग के सचिव ने किया स्वागत

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को विश्वेश्वरैया भवन स्थित विभागीय मुख्यालय में वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ पदभार ग्रहण किया.

पदभार ग्रहण करने के बाद लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी.

इसी क्रम में विभाग के अभियंता प्रमुख सह विशेष सचिव (मुख्यालय),अपर सचिव तथा अन्य पदाधिकारियों ने मंत्री का आत्मीय स्वागत किया एवं विभाग की ओर से उन्हें बधाई दी.

पदभार ग्रहण के उपरांत मंत्री संजय कुमार सिंह ने विभाग के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की. बैठक के दौरान उन्होंने राज्य में संचालित जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

मंत्री ने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को देखते हुए राज्य के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न नहीं होने देने पर जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि जिन जिलों में जल की समस्या हो रही है तथा जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है,वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े.

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जलापूर्ति से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए तथा लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.