BIHAR NEWS : मंत्री संजय कुमार ने कहा-सरकार ने बंद चीनी मिलों को खोलने के साथ नये मिलों की स्थापना का लिया निर्णय

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : राजधानी पटना के बामेटी सभागार में उद्योग मंत्री संजय कुमार ने गन्ना किसान संगोष्ठी का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया. इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सासामुसा चीनी मिल के पुनर्संचालन के लिए सरकार पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है.

उन्होंने बताया कि चीनी मिल को जल्द चालू करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई है. मंत्री संजय कुमार ने यह बातें बामेती में आयोजित गन्ना किसान संगोष्ठी में किसानों को संबोधित करते हुए कही. गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि सरकार ने बंद चीनी मिलों को खोलने के साथ ही नई चीनी मिलों की स्थापना करने का निर्णय लिया है. इसके लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी बनी हुई है जो लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने किसानों से गन्ना की खेती को बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि गन्ना खेती का विस्तार करने के लिए सरकार कार्य कर रही है.

उन्होंने कहा कि विभाग किसानों के उन्नति के लिए दिन रात कार्य कर रहा है. गन्ना किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू की गई है. उन्होंने कहा कि किसान लाभान्वित होंगे तभी चीनी मिलें चलेगी. नई चीनी मिलों को लगाने के लिए 25 जिलों से रिपोर्ट मांगी गई है. आप सभी लोग मिलकर इसमें सहयोग करें.

अपर मुख्य सचिव के.सेंथिल कुमार ने कहा कि पहले देश में सबसे अधिक चीनी का उत्पादन बिहार में होता था,लेकिन धीरे धीरे कम हो गया. बिहार के उस गौरव को वापस लाने के लिए सबका सहयोग आवश्यक है. बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट आदेश है कि बंद मिलों को खोलना है और नई मिले लगानी है. इसमें सभी को मिलकर टीम भावना से कार्य करना होगा. तभी हमलोग लक्ष्य हासिल करेंगे. इसलिए गन्ना की खेती को विस्तार करना है ताकि चीनी मिलों को भरपूर गन्ना मिल सके. किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद अपर मुख्य सचिव ने कहा कि जो किसान पात्र होंगे उन्हें योजनाओं का लाभ मिलेगा. इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार,ईख आयुक्त अनिल कुमार झा,संयुक्त इख़ायुक्त जय प्रकाश नारायण सिंह,वैज्ञानिक डॉ. बक्शी राम,डॉ. ए के मल्ल मौजूद थे.

अभय राज की रिपोर्ट--