BIHAR NEWS : बोधगया में बनेगा '7 वंडर्स ऑफ द वर्ल्ड' पार्क,विश्व प्रसिद्ध स्थलों के प्रतिरूप किए जाएंगे तैयार
बोधगया: बिहार के बोधगया में राज्य का पहला“7 वंडर्स ऑफ द वर्ल्ड पार्क” बनाया जा रहा है. यह पार्क मई 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा. बोधगया के सिलौंजा गांव में करीब 40 एकड़ जमीन पर 14 करोड़ रुपये की लागत से इस पार्क का निर्माण कराया जा रहा है. खास बात ये है कि इस पार्क में दुनिया के सात अजूबों की झलक एक ही जगह देखने को मिलेगी. यहां ताजमहल,चीन की दीवार, मिस्र के गीजा के पिरामिड, पेरू का माचू पिच्चू और जॉर्डन का पेट्रा जैसे विश्व प्रसिद्ध स्थलों के प्रतिरूप तैयार किए जा रहे हैं.
देश-विदेश के पर्यटकों के लिए होगाआकर्षण का केंद्र
वन विभाग के मुताबिक निर्माण कार्य तेजी से जारी है और तय समय सीमा के अंदर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.यह पार्क ना सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगी. साथ ही छात्रों और पर्यटकों के लिए यह एक शैक्षणिक और आकर्षक स्थल साबित होगा.बोधगया आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए यह पार्क आकर्षण केंद्र बनने जा रहा है.
वैश्विक धरोहरों की दिखेगी झलक
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए बोधगया के सिलौजा गांव को चुना गया है. यहां लगभग 40 एकड़ की विशाल भूमि पर इस पार्क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों को एक ही स्थान पर वैश्विक धरोहरों की झलक मिल सके.
मई 2026 तक का लक्ष्य
पार्क के निर्माण के लिए आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्रियों का उपयोग किया जा रहा है ताकि ये अजूबे बिल्कुल असली और प्रभावशाली दिखाई दें. मई 2026 तक इस पार्क का निर्माण कार्य पूरी तरह से संपन्न होने की उम्मीद जताई गई है. इसके बाद इसे आम जनता और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा.
ऐतिहासिक शहर 'पेट्रा' भी पार्क की बढ़ाएगी शोभा
रोम का कोलोसियम, पेरू का माचू पिच्चू और जॉर्डन का ऐतिहासिक शहर 'पेट्रा' भी इस पार्क की शोभा बढ़ाएंगे. साथ ही ब्राजील के 'क्राइस्ट द रिडीमर' की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी.





