Bihar : 6341 कनीय अभियंताओं की नियुक्ति, जल संसाधन मंत्री का बड़ा बयान, कहा : बिहार सरकार ने तोड़ा वर्षों का गतिरोध
PATNA : बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि राज्य में पिछले कई वर्षों से कनीय अभियंताओं की नियमित नियुक्ति विभिन्न कारणों से नहीं हो रही थी। राज्य तकनीकी सेवा आयोग द्वारा 2019 में विज्ञापित पदों पर भी विधिक गतिरोध के कारण नियुक्तियां नहीं हो पा रही थी। इसमें संविदा कर्मी तथा गैर सरकारी संस्थानों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों सहित कई पक्षकार हो गए थे एवं मामला उच्च न्यायालय से होकर उच्चतम न्यायालय में विधिक समीक्षा में उलझा हुआ था।
जल संसाधन मंत्री का बड़ा बयान
इधर, मुख्यमंत्री द्वारा सरकारी नौकरियां देने के अभियान के क्रम में इसके नोडल जल संसाधन विभाग द्वारा इसकी समीक्षा की गई। सरकार ने मुस्तैदी से सभी पक्षकारों के दावों के समेकित निदान संबंधी नया प्रस्ताव उच्चतम न्यायालय में समर्पित किया, जिसे उच्चतम न्यायालय ने उचित मानते हुए नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया। उसी आधार पर 6341 कनीय अभियंताओं की नियुक्ति हो पाई।