Hindi News / महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में पटना से मास्टरमाइंड की पत्नी गिरफ्तार

BIG NEWS : महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में पटना से मास्टरमाइंड की पत्नी गिरफ्तार

Edited By:  |
big news big news

पटना:महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 पेपर लीक मामले में बिहार कनेक्शन सामने आने के बाद जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में ठाणे पुलिस ने पटना से सुमन कुमारी को गिरफ्तार किया है, जो कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी बताई जा रही हैं. पुलिस का मानना है कि समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र कुमार गुप्ता इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क का प्रमुख संचालक है, हालांकि वह अभी तक फरार है.

जांच के दौरान गिरफ्तार अन्य आरोपियों से पूछताछ में बिजेंद्र का नाम सामने आया था. इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी. पुलिस की टीमें बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अब तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. अधिकारियों का कहना है कि सुमन कुमारी से पूछताछ के दौरान नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.

पुलिस के अनुसार बिजेंद्र कुमार गुप्ता का नाम पहले भी कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक वर्ष 2011 के एक बड़े पेपर लीक प्रकरण में भी उसका नाम जुड़ा था. जांच एजेंसियों का दावा है कि वह लंबे समय से इस तरह के संगठित गिरोहों के संपर्क में रहा है और करीब 25 वर्षों से पेपर लीक नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है.

उधर, पेपर लीक की आशंका के बाद महाराष्ट्र सरकार ने 28 जून को आयोजित होने वालीTET-2026 परीक्षा को स्थगित कर दिया था. इस परीक्षा में लगभग छह लाख अभ्यर्थियों को शामिल होना था और राज्यभर में 1,728 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. सरकार ने परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह के तार देश के किन-किन राज्यों और लोगों से जुड़े हुए हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--