पाकुड़ : इस वक्त की बड़ी खबर झारखंड के पाकुड़ जिले से है जहां हिरणपुर थाना क्षेत्र के वीरग्राम गांव में शनिवार को नवविवाहित दंपती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है. घटना से इलाके में सनसनी है.

परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. दंपती के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों ने जहर खा लिया. जब तक परिजन कुछ समझ पाते तब तक दोनों की हालत बिगड़ने लगी. इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां इलाज के दौरान नूतन की मौत हो गई. वह दो महीने की गर्भवती थी. ऐसे में उसकी मौत के साथ एक अजन्मी जान भी चली गई. वहीं पति अंकिम यादव को पश्चिम बंगाल के एक निजी नर्सिंग होम में रेफर किया गया, जहां सुबह में उसकी भी मौत हो गई. मृतकों की पहचान अंकिम यादव (25) और उसकी पत्नी नूतन देवी (22) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, नूतन दो महीने की गर्भवती थी.

घटना की जानकारी मिलते ही हिरणपुर थाना के एसआई शुकुल मरांडी और नगर थाना के एएसआई होपना मरांडी अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी के अनुसार, मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है.

नूतन देवी गोड्डा जिले के अनवारा गांव निवासी स्वर्गीय सीताराम यादव की बेटी थीं. दोनों की शादी को महज एक साल ही हुआ था. इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है. नूतन के मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे और घटना को लेकर सदमे में हैं.