JHARKHAND NEWS : रांची में मेयर और डिप्टी मेयर ने 34 लाभुकों को प्रदान किया प्रधानमंत्री आवास का स्वीकृति पत्र
रांची : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रथम घटक लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण (BLC)के तहत चयनित लाभुकों को रांची नगर निगम की ओर से स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया. नगर निगम कार्यालय में आयोजित स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने 34 चयनित लाभुकों को व्यक्तिगत आवास निर्माण के लिए सांकेतिक रूप से स्वीकृति पत्र प्रदान किया. शेष चयनित लाभुकों को उनके संबंधित वार्ड पार्षद के माध्यम से स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराया जाएगा.
यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र शहरी परिवारों को स्वयं का पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लाभुकों के आवास संबंधी सपने को साकार करने में सहायता मिलेगी और उनके जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा सुनिश्चित होगी. वित्तीय वर्ष 2025_26 और 2026_27 के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लिए अब तक कुल 2,896 लाभुकों का चयन किया जा चुका है. इस मौके पर विभिन्न वार्डों के पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, CLTC, नगर प्रबंधक समेत रांची नगर निगम के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट--





