BIG BREAKING : बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को फिर हो सकता हाफ-डे, सरकार 1 सप्ताह में लेगी फैसला
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को स्कूलों में हाफ-डे (आधे दिन) की व्यवस्था लागू करने की मांग पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बच्चों की पढ़ाई,शिक्षकों की राय और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग को इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों से प्राप्त सुझावों और अभिभावकों की मांगों पर भी विचार किया जा रहा है. सरकार ऐसा फैसला करेगी जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उनकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जा सके.
सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले एक सप्ताह के भीतर इस विषय पर अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी फैसला होगा,वह छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के हित में होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसी भी निर्णय में जल्दबाजी नहीं करेगी,बल्कि सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद ही अंतिम आदेश जारी किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि अगर मौसम और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए हाफ-डे स्कूल संचालित करना आवश्यक पाया गया,तो सरकार उस दिशा में उचित कदम उठाएगी. वहीं यदि सामान्य समय पर स्कूल चलाना छात्रों के हित में होगा,तो उसी के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा.
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की नजर अब सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है, जिसकी घोषणा अगले एक सप्ताह के भीतर किए जाने की संभावना है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





