मोदी कैबिनेट 3.0 : रांची से सांसद संजय सेठ बनेंगे मंत्री, जानिये क्या है उनका प्रोफाइल

रांची.रांची के संत जोंस हाई स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण करनेवाले संजय सेठ ने युवा शक्ति एक हो और भाजयुमो से 1980 में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था. एलएलबी उत्तीर्ण संजय सेठ 8 वर्षों तक रांची मोटर्स डीलर्स एसोसिएशन के सचिव रहे थे. इसके बाद वर्ष 2000 में फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष भी रहे. 1996 से 1999 तक चेंबर के विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दीं. 2016 से 2019 तक रघुवर दास की सरकार के कार्यकाल में झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष भी रहे.
भारतीय जनता युवा मोरचा के रांची नगर महामंत्री के रूप में 1980 में कैरियर की शुरुआत की. 1986 में भाजपा के वरीय उपाध्यक्ष बने. 2001, 2009 और 2011 में झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रहे. रांची महानगर भाजपा के अध्यक्ष के रूप में 2003 में अपनी सेवाएं दीं. 2013 में नमो मंत्री के संयोजक बनाये गये. इसके अलावा रांची, हजारीबाग, कोडरमा, लोहरदगा, पलामू, दुमका के लोकसभा और विधानसभा प्रभारी के रूप में काम किया. 1992 में लालकृष्ण आडवाणी की अयोध्या यात्रा के समय 25 दिनों तक रांची के केंद्रीय कारा में सजा भी काटी. पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी भी निभायी.