पटना में पर्यटन क्रांति की तैयारी : 100 करोड़ से बनेगा विश्वस्तरीय क्रूज टर्मिनल, जल पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
पटना: राजधानी पटना में पर्यटन के क्षेत्र में एक बड़ी पहल होने जा रही है. डबल इंजन सरकार की ओर से गंगा तट पर आधुनिक सुविधाओं से लैस विश्वस्तरीय क्रूज टर्मिनल के निर्माण की योजना को गति दी गई है. लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह टर्मिनल पटना के पहलवान घाट पर विकसित किया जाएगा,जिसके लिए करीब 2 एकड़ भूमि आवंटित की गई है.
क्या होगा खास?
प्रस्तावित क्रूज टर्मिनल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा. यहां यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय,डिजिटल टिकटिंग काउंटर,सुरक्षा की उन्नत व्यवस्था,पार्किंग सुविधा,फूड कोर्ट,पर्यटन सूचना केंद्र और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
गंगा नदी के रास्ते चलने वाले लग्जरी क्रूज और पर्यटन नौकाओं के लिए यह टर्मिनल मुख्य केंद्र के रूप में विकसित होगा. इससे न केवल राज्य के भीतर बल्कि अन्य राज्यों और विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित करने की योजना है.
जल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
बिहार में गंगा के किनारे ऐतिहासिक,धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की लंबी श्रृंखला है. क्रूज टर्मिनल बनने से पटना से वाराणसी,कोलकाता समेत अन्य शहरों तक जलमार्ग से पर्यटन को नई दिशा मिलेगी. सरकार का मानना है कि इससे बिहार के धार्मिक पर्यटन,हेरिटेज टूरिज्म और इको-टूरिज्म को भी मजबूती मिलेगी.
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ
इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है. स्थानीय व्यापार,होटल उद्योग,हस्तशिल्प और परिवहन क्षेत्र को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा.
सरकार का दावा
सरकार का कहना है कि यह परियोजना पटना को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी. आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ गंगा किनारे विकसित होने वाला यह क्रूज टर्मिनल राजधानी के विकास में मील का पत्थर साबित हो सकता है.
यदि योजनाएं तय समय पर पूरी होती हैं,तो आने वाले वर्षों में पटना जल पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकता है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--